Connect with us

Uncategorized

सनसनी: किच्छा में लापता मासूम की लाश झाड़ियों में मिली, भारी फोर्स तैनात

रुद्रपुर. किच्छा के ग्रामीण इलाके में ​महज़ साढ़े 3 साल की बच्ची का शव एक खेत के पास मिलने के बाद सनसनी फैल गई. बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक रिश्तेदार पर ही बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या का अंदेशा जताया. बच्ची का शव मिलने के बाद दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार हो रहा है. इधर, इस घटना से ग्रामीण काफी नाराज़ दिख रहे हैं और किसी बड़े बवाल की आशंका लगातार बनी हुई है.

बखपुर के एक ग्रामीण ने बताया कि उसकी साढ़े 3 साल की बच्ची 14 अप्रैल की दोपहर 12 बजे रहस्यमय तरीके से घर के बाहर से लापता हो गई. परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की काफी खोजबीन की, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका, तो बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए ग्राम बरी में रहने वाले अपने साड़ू के बेटे पर शक ज़ाहिर किया. उसने शिकायत में लिखा कि वह उसकी बच्ची को बाइक पर ले गया था. बेटी के साथ खेल रहे बच्चों ने ये जानकारी दी.

बच्ची की खोजबीन में पुलिस जुटी और उस युवक से पूछताछ की तो पहले वह गुमराह करता रहा. सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि बच्ची का शव एक फार्म के पास झाड़ियों से उसकी निशानदेही पर बरामद किया गया. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि आरोपी ने बच्ची को क्यों मारा और उसके साथ गलत काम किया या नहीं. कुछ घंटों में कई बातों का खुलासा हो सकता है.

फिलहाल नाज़ुक हैं हालात
किच्छा कोतवाली में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं और पुलिस के खुलासे का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं. भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी इस पूरे एरिया में मौजूद है और कहा जा रहा है कि यहां बवाल होने की पूरी आशंका है. इधर, अपनी शिकायत में बच्ची के पिता ने अपनी बेटी के साथ हुई अप्रिय घटना के लिए आरोपी युवक के साथ ही उसके माता पिता को भी शक के दायरे में लिया है.

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts