अपराध
प्रेम विवाह के दो साल बाद ही ऐसा हश्र ! जिस घर को अपना बनाया, वहीं खून से लथपथ हुई विवाहिता… पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप
हल्द्वानी में प्रेम विवाह के बाद विवाहिता के साथ कथित उत्पीड़न का मामला सामने आया है। दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; घायल महिला बेस अस्पताल में भर्ती।
हल्द्वानी। जिस रिश्ते की शुरुआत प्यार और साथ जीने-मरने के वादों के साथ हुई थी, उसी रिश्ते का अंत दो साल भी पूरे होने से पहले मारपीट और खून-खराबे के आरोपों तक पहुंच गया। प्रेम विवाह कर जिस युवती ने अपना घर बसाया था, उसी को अब अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस की चौखट पर न्याय की गुहार लगानी पड़ी है। मामला हल्द्वानी का है, जहां एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, हिमानी बिष्ट का विवाह 3 दिसंबर 2024 को गजेंद्र सिंह सतवाल निवासी सतवाल हाउस, नियर सतवाल पेट्रोल पंप, हल्द्वानी के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल वालों का व्यवहार बदलने लगा। विवाहिता का आरोप है कि पति गजेंद्र सिंह, ससुर राजेंद्र सिंह सतवाल, सास गंगा उर्फ मुन्नी सतवाल, ननद कामिनी सतवाल और दीपा बिष्ट उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ मारपीट की गई और कई बार घर से भी निकाल दिया गया।
तहरीर में एक पड़ोसी के यहां हुई शादी का भी जिक्र है। आरोप है कि वहां 10 लाख रुपये कीमत की कार दहेज में आने के बाद ससुराल वालों ने विवाहिता को और अधिक परेशान करना शुरू कर दिया। 21 जनवरी 2026 को भी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने तथा मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
सितंबर 2026 में पति ने कथित तौर पर माफी मांगकर विवाहिता को वापस घर लाया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला।
23 नवंबर को फिर बरपा कहर, खून से लथपथ हुई विवाहिता
तहरीर के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे पति, ससुर और अन्य लोगों ने एक बार फिर विवाहिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पति गजेंद्र सिंह सतवाल ने कथित तौर पर अपने 11 माह के बेटे जय सतवाल के साथ मौजूद विवाहिता से मारपीट की। आरोप है कि उसे किसी नुकीली वस्तु से बुरी तरह चोट पहुंचाई गई, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वह खून से लथपथ हो गई।
अपनी जान को खतरा देखते हुए विवाहिता को घर से बाहर निकलना पड़ा। बाद में परिजन उसे बेस अस्पताल हल्द्वानी ले गए, जहां उसका उपचार किया गया।
पीड़िता ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर पति गजेंद्र सिंह सतवाल, ससुर राजेंद्र सिंह सतवाल, सास गंगा उर्फ मुन्नी सतवाल और ननद कामिनी सतवाल व दीपा बिष्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह मामला विवाहिता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। एसपी सिटी हरबंस सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर ली गई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
