अपराध
मौत सामने थी, किस्मत ने दे दिया जीवनदान! चलती बस का पहिया जाम हुआ तो जान पर बन आई और पहाड़ी से टकराई यात्रियों से भरी बस
अचानक जाम हो गया बस का अगला पहिया, चालक ने खोया नियंत्रण और सीधे पहाड़ी से जा भिड़ी बस… कुछ पल के लिए थम गईं सभी की सांसें, लेकिन चमत्कार देखिए, 22 यात्रियों में किसी को खरोंच तक नहीं आई।
नई टिहरी। उत्तराखंड की पहाड़ी सड़कों पर सफर के दौरान एक छोटी सी तकनीकी खराबी किस तरह बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसकी बानगी बुधवार को देखने को मिली। नई टिहरी के बौराड़ी से हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों की सांसें अटक गईं। टक्कर के बाद कुछ पल के लिए बस में अफरातफरी का माहौल बन गया। हर किसी को अनहोनी की आशंका सताने लगी, लेकिन गनीमत रही कि सभी 22 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे बौराड़ी से हरिद्वार जा रही बस बटखेम के समीप पहुंची थी। इसी दौरान बस का अगला दायां टायर अचानक जाम हो गया। बताया जा रहा है कि एक्सल को टायर से जोड़ने वाली रॉड टूटने के कारण बस में तकनीकी खराबी आई। अचानक पहिया जाम होने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सीधे सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई।
एक पल में बदल गए हालात, यात्रियों में मची अफरातफरी
बस के पहाड़ी से टकराते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 22 लोग सवार थे। हादसे की परिस्थितियां ऐसी थीं कि किसी बड़े नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। हालांकि, यह किसी चमत्कार से कम नहीं रहा कि बस में सवार सभी 22 लोग सुरक्षित बच गए। किसी भी यात्री को खरोंच तक नहीं आई।
मौत को करीब से देखकर… और आखिर में ली राहत की सांस
हादसे के बाद जब यात्रियों को अपनी सलामती का एहसास हुआ तो सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद यात्रियों को दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। एक तकनीकी खराबी ने चलती बस को हादसे का शिकार बना दिया, लेकिन किस्मत का साथ ऐसा रहा कि 22 जिंदगियां सुरक्षित बच गईं।
