Connect with us

उत्तराखण्ड

कांग्रेस में मतभेद की बातों पर हरदा का पलटवार, बोले- 45 से ज्यादा सीटें जीतकर बनाएंगे सरकार

 

 

हल्द्वानी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के भीतर कथित गुटबाजी और नेताओं के बीच मनमुटाव को लेकर उठ रहे सवालों पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस में किसी भी तरह के मतभेद, मनभेद या बिखराव से साफ इनकार करते हुए दावा किया कि पार्टी इस बार 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

 

हल्द्वानी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के भीतर कहीं कोई गुटबाजी नहीं है और न ही संगठन में बिखराव जैसी स्थिति है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अगर किसी को जरा-सा भी छेद नजर आ जाए तो लोग उसमें उंगली डालने की कोशिश करने लगते हैं। उनके इस बयान को पार्टी की एकजुटता को लेकर उठ रहे सवालों का सीधा जवाब माना जा रहा है।

 

2027 के चुनाव से पहले एकजुटता का संदेश

 

दरअसल, उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस के भीतर नेतृत्व, चुनावी रणनीति और टिकटों को लेकर चर्चाएं लगातार सुर्खियों में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा को लेकर भी पार्टी नेतृत्व के साथ समन्वय का सवाल उठा था। अक्टूबर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने स्पष्ट किया था कि पार्टी के सभी कार्यक्रम सामूहिक रूप से और संगठन के बैनर तले संचालित किए जाने चाहिए।

 

वहीं, हाल के दिनों में हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच कथित तल्ख बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद भी पार्टी की अंदरूनी स्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं। इसके बाद दोनों नेताओं की देहरादून स्थित कांग्रेस कार्यालय में साथ बातचीत करते हुए तस्वीरें भी सामने आईं।

 

हरदा के बयान के राजनीतिक मायने

 

हरीश रावत उत्तराखंड कांग्रेस के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वह वर्ष 2014 से 2017 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वर्ष 2016 में कांग्रेस के भीतर बगावत और राष्ट्रपति शासन जैसे राजनीतिक घटनाक्रम का भी उन्हें सामना करना पड़ा था। ऐसे में पार्टी के भीतर एकजुटता का मुद्दा उनके राजनीतिक अनुभव से भी जुड़ा हुआ है।

 

हालांकि, रावत ने हाल ही में यह भी स्पष्ट किया था कि 2027 में कांग्रेस की जीत होने पर मुख्यमंत्री पद का फैसला पार्टी हाईकमान और राहुल गांधी करेंगे। उनका जोर 45 से अधिक सीटें जीतने पर है।

 

हल्द्वानी में दिया गया उनका ताजा बयान केवल गुटबाजी के आरोपों का जवाब नहीं, बल्कि चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच यह एकजुटता चुनावी मैदान में कितनी प्रभावी साबित होती है और 45 से अधिक सीटें जीतने का हरदा का दावा कितना मजबूत होता है।

 

कस्तूरी न्यूज नेटवर्क

 

Advertisement
Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts