Connect with us

अपराध

कोटद्वार के लालपुर, सिमलचौड़ और मोटाढाक के थे गुजरात हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोग, तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

 

 

बेटी का जन्मदिन मनाने गुजरात गए थे तीनों परिवार, लौटते समय ट्रेलर से हुई कार की भीषण भिड़ंत; दो गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने भी गंवाई पत्नी और बेटियों की जान

 

कोटद्वार/हल्द्वानी। गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र के तीन परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। हादसे में जान गंवाने वाले सभी सात लोग पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार क्षेत्र के रहने वाले थे। इनमें दो गढ़वाल राइफल्स के जवानों के परिवार और एक अन्य सैन्यकर्मी का परिवार शामिल है। एक ही हादसे में तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत से कोटद्वार के लालपुर, सिमलचौड़ और मोटाढाक क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

 

जानकारी के मुताबिक, हादसे में गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और मासूम बेटी शिविका की मौत हो गई। इसी हादसे में गढ़वाल राइफल्स के ही नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे परिवार से नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और मासूम बेटी वामिका की भी जान चली गई। नितिन गुसाईं हादसे के दिन ड्यूटी पर तैनात थे और सुरक्षित हैं।

 

बेटी का जन्मदिन मनाने गए थे गुजरात

 

बताया गया है कि सौरभ नेगी के परिवार के लोग बेटी के जन्मदिन के अवसर पर कोटद्वार से गुजरात गए थे। इस दौरान तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने भी गए। शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वापस लौटते समय भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सात लोगों की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना ने तीनों परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।

 

सिर की गंभीर चोटें बनीं मौत की वजह

 

भुज के जीके जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में मौत की वजह सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के चलते सदमे की स्थिति उत्पन्न होना तथा हृदय और श्वसन तंत्र का काम करना बंद होना बताया गया है। सिर में गंभीर चोटों और शरीर पर कई जगह आई चोटों के कारण सभी सात लोगों की जान चली गई।

 

गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। शवों को कोटद्वार लाया जा रहा है। देर शाम तक उनके पहुंचने की संभावना जताई गई थी। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा।

 

तीन अलग-अलग इलाकों में पसरा मातम

 

नायक सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था। नायक राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ में रहता है, जबकि नायक नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक क्षेत्र में निवास करता है।

 

एक ही हादसे में तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत की खबर पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। खासकर दो सैन्य परिवारों पर आई इस विपदा ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक जन्मदिन की खुशियां मनाने की तैयारियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है।

 

उत्तराखंड के कोटद्वार से गुजरात तक फैली इस त्रासदी ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के घरों में अब केवल उनकी यादें शेष रह गई हैं।

 

 

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts