उत्तराखण्ड
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का निधन, गांव पंचूर में ली अंतिम सांस
कस्तूरी न्यूज़ नेटवर्क | उत्तराखंड
पांच साल के लंबे इंतजार के बाद मां से मिले थे योगी, मई की वह मुलाकात बन गई आखिरी; पंचूर में सावित्री देवी ने ली अंतिम सांस
संन्यास के तीन दशक बाद भी मां से जुड़ा रहा भावनात्मक रिश्ता, 2022 में पांच साल बाद पहुंचे थे पैतृक गांव, 2024 में ऋषिकेश एम्स में जाना था मां का हाल
पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में शुक्रवार का दिन एक ऐसी व्यक्तिगत क्षति लेकर आया, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनकी मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पंचूर गांव सहित पूरे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का गांव पहुंचना शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
### संन्यास की राह चुनी, लेकिन मां से भावनात्मक रिश्ता कभी नहीं टूटा
योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। उनका जन्म 5 जून 1972 को पंचूर गांव में हुआ था। इसी गांव में उनका बचपन बीता और यहीं से उनकी जीवन यात्रा आगे बढ़ी। वर्ष 1994 में उन्होंने सांसारिक जीवन छोड़कर संन्यास ग्रहण किया और गोरखनाथ मठ से जुड़ गए। आगे चलकर वह गोरक्षपीठ के महंत बने और फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे।
संन्यास के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें बेहद सीमित हो गईं। सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं और धार्मिक दायित्वों के बीच वह परिवार से कम ही मिल पाते थे, लेकिन मां के प्रति उनका लगाव हमेशा चर्चा में रहा।
इस रिश्ते की एक भावुक तस्वीर मई 2022 में सामने आई थी, जब योगी आदित्यनाथ लगभग पांच साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। उन्होंने मां सावित्री देवी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। उस समय मां-बेटे की मुलाकात की तस्वीरें काफी चर्चा में रही थीं।
### 2024 में एम्स पहुंचकर मां का हाल जानने आए थे योगी
जून 2024 में भी योगी आदित्यनाथ का अपनी मां के प्रति स्नेह उस समय सामने आया, जब सावित्री देवी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती थीं। 16 जून को योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने चिकित्सकों से मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली और करीब 20 मिनट उनके साथ बिताए।
यह मुलाकात इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि संन्यास के बाद परिवार से उनकी मुलाकातें काफी कम होती थीं। उस समय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया था कि करीब दो साल बाद योगी अपनी मां से मिल रहे हैं।
### मई 2026 की मुलाकात अब बन गई जीवन की आखिरी याद
इस वर्ष मई में योगी आदित्यनाथ का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा हुआ था। 7 मई को वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की। 8 मई को कार्यक्रमों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया।
परिवार के साथ बिताए गए वे पल अब योगी आदित्यनाथ के लिए मां से जुड़ी आखिरी याद बन गए हैं। जिस मां का आशीर्वाद लेने वह अपने राजनीतिक और प्रशासनिक दायित्वों के बीच समय निकालकर पैतृक गांव पहुंचे थे, अब वही मां इस दुनिया में नहीं रहीं।
### पिता के निधन के समय भी नहीं पहुंच पाए थे योगी
योगी आदित्यनाथ के पारिवारिक जीवन का एक दूसरा भावुक पहलू उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन से जुड़ा है। अप्रैल 2020 में कोरोना महामारी के शुरुआती दौर में उनके पिता का निधन हुआ था। उस समय योगी उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण से निपटने की जिम्मेदारियों में जुटे थे। परिस्थितियों के कारण वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
पंचूर गांव से निकलकर देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक उत्तर प्रदेश की सत्ता संभालने तक का उनका सफर राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से भले ही असाधारण रहा हो, लेकिन पारिवारिक जीवन में कई ऐसे क्षण रहे, जब जिम्मेदारियों और व्यक्तिगत भावनाओं के बीच उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
### सीएम धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और प्रेम जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित पूरे शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
पंचूर की जिस मिट्टी ने अजय सिंह बिष्ट को योगी आदित्यनाथ के रूप में देशभर में पहचान दिलाई, उसी गांव में उनकी मां की जीवन यात्रा का अंत हुआ। मां का आशीर्वाद लेने के लिए मई में घर पहुंचे योगी के लिए वह मुलाकात अब जीवनभर की स्मृति बनकर रह जाएगी।
