अपराध
बेटी की शादी का कार्ड बांटने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हरिद्वार से काशी धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार से गदरपुर में बाइक की भिड़ंत, हादसे में दो लोग गंभीर घायल
गदरपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में एनएच-74 पर बलखेड़ा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बेटी की शादी की खुशियां बांटने निकले पिता की जान चली गई। वह अपनी दो बेटियों की शादी के कार्ड बांटने के लिए परिवार के साथ निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे ज्वालापुर, हरिद्वार निवासी विनीत कुमार अपनी कार (यूके 08 बीजी 0615) से पत्नी गौरी, बहन जागृति और बुआ गीता के साथ बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बलखेड़ा मोड़ के पास डिवाइडर पर बने अवैध कट से अचानक बाइक (यूपी 22 एबी 2963) सामने आ गई। बाइक और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक सवार रामपुर जिले की तहसील सदर के ग्राम ठक्का हाजीपुर निवासी चन्नीलाल (52) और उनके ममेरे भाई नरथू की मढ़ैया, रामपुर निवासी भोला (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय चन्नीलाल ने दम तोड़ दिया, जबकि भोला की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही गदरपुर कोतवाली से एसआई संजय बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि मृतक चन्नीलाल अपनी दो बेटियों की शादी के कार्ड बांटने के लिए आए थे। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और वह रिश्तेदारों तक खुशियों का निमंत्रण पहुंचाने निकले थे। लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
अवैध कट बना हादसे की वजह?
एनएच-74 पर डिवाइडर में बने अवैध कट से अचानक बाइक के सामने आने की बात सामने आई है। ऐसे में सड़क सुरक्षा और अवैध कटों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
