अपराध
कोतवाली में महिला दरोगा से मारपीट, एसओजी सिपाही पर मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। हल्द्वानी में पुलिस विभाग के भीतर मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। राजपुरा चौकी प्रभारी महिला दरोगा आरती की शिकायत पर पुलिस ने एसओजी सिपाही अनिल गिरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महिला दरोगा ने सिपाही पर कोतवाली परिसर में मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, घटना की शुरुआत 10 अक्टूबर को हुई, जब आरोपी सिपाही ने कथित तौर पर फोन कर महिला दरोगा के पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। महिला दरोगा ने इस संबंध में अपने कप्तान से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद 11 अक्टूबर को सिपाही कोतवाली पहुंचा और वहां महिला दरोगा के साथ मारपीट की।
महिला दरोगा ने आरोप लगाया कि सिपाही ने लाइसेंसी पिस्टल होने की बात कहते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कोतवाली परिसर में वर्दी पकड़कर खींचने का आरोप भी लगाया है।
मामले में एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटनास्थल कोतवाली परिसर है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच के दायरे में सीसीटीवी फुटेज
पुलिस विभाग से जुड़े इस मामले में अब सीसीटीवी फुटेज अहम साक्ष्य साबित हो सकती है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।