Connect with us

अपराध

गर्दन की मालिश के बाद महिला की मौत, झोलाछाप इलाज के आरोपों से मचा हड़कंप

गर्दन की मालिश के बाद महिला की मौत, झोलाछाप इलाज के आरोपों से मचा हड़कंप

 

कालाढूंगी। हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की गर्दन की मालिश के बाद अचानक मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला को इलाज के लिए कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास ले जाया गया था, जहां गर्दन की मालिश करने के बाद उसकी गर्दन को जोर से हिलाया गया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

 

दमुवादूंगा निवासी रामचंद्र के अनुसार उनकी पत्नी मीनाक्षी को पिछले चार-पांच माह से गर्दन में दर्द की शिकायत थी। उसका इलाज हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को लोगों के कहने पर वह अपनी पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक व्यक्ति के पास लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि वहां गर्दन की मालिश करने के बाद व्यक्ति ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई।

 

परिजन आनन-फानन में महिला को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मीनाक्षी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। अचानक हुई मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

परिजनों ने घटना को लेकर संबंधित व्यक्ति की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। हालांकि महिला की मौत का वास्तविक कारण क्या रहा, यह चिकित्सकीय जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में पुलिस की ओर से भी जांच की जा रही है।

 

घटना ने एक बार फिर बिना विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह के गर्दन, रीढ़ अथवा अन्य गंभीर शारीरिक समस्याओं का इलाज कराने के जोखिम को सामने ला दिया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के बिना मालिश या गर्दन को झटका देने जैसी प्रक्रिया गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में लोगों को नीम-हकीम या झोलाछाप लोगों के चक्कर में पड़ने के बजाय योग्य चिकित्सक से उपचार कराने की जरूरत है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts