उत्तराखण्ड
यूयूएसडीए के काम पर आयुक्त दीपक रावत नाराज, बोले- टुकड़ों में काम करो, सड़क बनाते चलो; 15 अक्टूबर तक कुमाऊं की सड़कें हों गड्ढामुक्त
यूयूएसडीए के काम पर आयुक्त दीपक रावत नाराज, बोले- टुकड़ों में काम करो, सड़क बनाते चलो; 15 अक्टूबर तक कुमाऊं की सड़कें हों गड्ढामुक्त
हल्द्वानी। मानसून के बाद कुमाऊं की सड़कों को पूरी तरह गड्ढामुक्त करने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, यूयूएसडीए और नगर निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान हल्द्वानी में यूयूएसडीए के सड़क खोदकर सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के काम को लेकर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक साथ बड़े हिस्से को खोदने के बजाय टुकड़ों में काम किया जाए और जिस हिस्से में लाइन बिछाने का काम पूरा हो, उसे तत्काल दुरुस्त कर अगला काम शुरू किया जाए।
आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 15 अक्टूबर की समय सीमा तय की है। इस अवधि में सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि केवल औपचारिकता के लिए गड्ढे भरने के बजाय ऐसा पैचवर्क और पुनर्निर्माण किया जाए, जो लंबे समय तक टिके।
समीक्षा में बताया गया कि नैनीताल जिले में गड्ढायुक्त मुख्य राजमार्ग एवं मुख्य जिला मार्गों की लंबाई 992 किलोमीटर है। इनमें से 303 किलोमीटर सड़कें गड्ढामुक्त की जा चुकी हैं। शेष पर वर्षा के बाद पैचवर्क और हॉटमिक्स का काम होगा।
कुमाऊं के अल्मोड़ा में 67, बागेश्वर में 22, पिथौरागढ़ में 36 और चम्पावत में 23 सड़कें गड्ढामुक्त की जानी हैं। सभी के निविदा कार्य पूरे हो चुके हैं।
पीएमजीएसवाई के तहत करीब 1500 किलोमीटर सड़कों पर काम होना है, जिसमें 58 किलोमीटर सड़कें गड्ढामुक्त हो चुकी हैं। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग की 168 किलोमीटर सड़कों पर पैचवर्क और हॉटमिक्स होना है, जिसमें 36 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है।
हल्द्वानी शहर के आंतरिक मार्गों में करीब 80 किलोमीटर सड़कें गड्ढायुक्त हैं, जिनमें आठ किलोमीटर पर पैचवर्क पूरा किया जा चुका है। आवास विकास, राजपुरा और बनभूलपुरा में सीवर लाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों के हॉटमिक्स और पैचवर्क की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

