उत्तराखण्ड
“धामी की कर्मठता ने बदली उत्तराखंड की तस्वीर, 24 घंटे प्रदेश के लिए समर्पित रहते हैं मुख्यमंत्री : डॉ. डब्बू”
मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर हल्द्वानी मंडी में जनसेवा का संकल्प, किसानों-श्रमिकों को बांटीं किटें
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को हल्द्वानी मंडी समिति क्षेत्र में ‘युवा संकल्प दिवस’ के तहत जनहितकारी श्रम विभाग कैंप का आयोजन किया गया। उत्तराखंड मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में किसानों, श्रमिकों और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न उपयोगी किटों का वितरण किया गया। जन्मदिन को केवल उत्सव के बजाय सेवा और जनकल्याण से जोड़ने की पहल के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के लिए 24 घंटे काम करने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य की चुनौतियों को समझते हुए धामी ने विकास और जनकल्याण को अपनी प्राथमिकता बनाया है। उनके कार्यकाल में लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसले अपने आप में रिकॉर्ड हैं और इन फैसलों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाने का काम किया है।
डब्बू ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं, किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और आम जनता को केंद्र में रखकर योजनाओं को आगे बढ़ाया है। सरकार की योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे और जरूरतमंद व्यक्ति तक सीधे पहुंचे, इसके लिए विभागीय स्तर पर शिविरों के माध्यम से लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी मंडी में आयोजित श्रम विभाग कैंप भी इसी सोच का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को ‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाने का संदेश स्पष्ट है कि प्रदेश की युवा शक्ति को विकास और जनसेवा से जोड़ा जाए। उत्तराखंड का भविष्य उसके युवाओं, किसानों और मेहनतकश लोगों से जुड़ा है। ऐसे में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
डॉ. डब्बू ने कहा कि धामी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में विकास के साथ-साथ नीति और कानून के स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। उनका कहना था कि राज्य के हितों से जुड़े विषयों पर सरकार ने निर्णय लेने की दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तराखंड को देश के सामने अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली में विकास के साथ जनकल्याण और उत्तराखंड के हितों को प्राथमिकता दिखाई देती है।
किसानों और श्रमिकों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न उपयोगी किट वितरित की गईं। किट मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। लाभार्थियों ने कहा कि इस तरह के शिविरों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान होती है और उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी भी सीधे मिलती है।
कार्यक्रम में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर, किसान आयोग सदस्य चतुर बोरा, प्रगतिशील किसान नरेंद्र मेहरा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि जन्मदिवस के अवसर पर सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास ही इस आयोजन की वास्तविक भावना है।

हल्द्वानी मंडी में आयोजित यह कार्यक्रम ऐसे समय हुआ जब मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को प्रदेशभर में सेवा और जनकल्याण से जोड़कर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। भाजपा की ओर से भी 16 सितंबर से सेवा गतिविधियों के व्यापक अभियान की शुरुआत की गई है।

