Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी की पैरा बैडमिंटन स्टार शिवांगी पांडे चीन-जापान में दिखाएंगी दम, करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

हल्द्वानी की पैरा बैडमिंटन स्टार शिवांगी पांडे चीन-जापान में दिखाएंगी दम, करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

हल्द्वानी। शहर की होनहार अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी शिवांगी पांडे अब चीन और जापान में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। शिवांगी आगामी चाइना पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल और जापान पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा होंगी। उनकी इस उपलब्धि से हल्द्वानी के खेल प्रेमियों में खुशी और गर्व का माहौल है।

 

 

चाइना पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल प्रतियोगिता 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी, जबकि जापान पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 7 से 13 सितंबर 2026 तक खेली जाएगी। दोनों प्रतियोगिताओं में शिवांगी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

 

 

शिवांगी वर्तमान में दौलत राम कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा हैं। कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर सविता राय ने शिवांगी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है।

 

 

 

शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. आजाद सिंह ने भी शिवांगी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी लगातार मिल रही खेल उपलब्धियां प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि शिवांगी अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

विश्व से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पदकों की झड़ी

शिवांगी इससे पहले भी कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने BWF पैरा बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप 2026, मनामा (बहरीन) में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा 5वीं एशियन यूथ पैरा गेम्स 2025, दुबई में कांस्य पदक, उगांडा पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2025 में महिला एकल का स्वर्ण पदक और वर्ल्ड एबिलिटीस्पोर्ट यूथ गेम्स 2026, मर्सिन (तुर्किये) में महिला एकल का स्वर्ण पदक हासिल किया।

उन्होंने उगांडा पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2024 में महिला युगल में कांस्य पदक भी जीता। हाल ही में ब्राजील पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2026 में भी शिवांगी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

राष्ट्रीय स्तर पर शिवांगी ने 7वीं राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026, हैदराबाद में महिला एकल SL-4 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025 में रजत और खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 में कांस्य पदक हासिल किया।

शिवांगी खेल के साथ अपनी उच्च शिक्षा भी जारी रख रही हैं। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए लगातार बेहतर प्रदर्शन करना और देश का नाम रोशन करना है।

शिवांगी की चीन और जापान की आगामी प्रतियोगिताओं के लिए दौलत राम कॉलेज परिवार सहित हल्द्वानी के खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि शिवांगी की उपलब्धियां पूरे हल्द्वानी क्षेत्र के लिए गर्व की बात हैं।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts