अपराध
मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड इंजीनियर को बाइक सवार ने मारी टक्कर, मौत
मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड इंजीनियर को बाइक सवार ने मारी टक्कर, मौत
देहरादून। डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले 56 वर्षीय सेवानिवृत्त इंजीनियर राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल राजेंद्र प्रसाद को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजेंद्र प्रसाद डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले थे। वह रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बाइक सवार की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और मॉर्निंग वॉक करने वालों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

