अपराध
चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, मौसम विभाग ने नौ जिलों में जारी किया भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, मौसम विभाग ने नौ जिलों में जारी किया भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून के फिर सक्रिय होने और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गढ़वाल मंडल प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अगले दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। आयुक्त गढ़वाल मंडल के अनुसार राज्य में हो रही भारी बारिश और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन के कारण यात्रा मार्गों पर आवाजाही खतरे से भरी हो गई है। पहाड़ों से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं जिससे रास्ते बंद होने की स्थिति बन रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार होते ही यात्रा को पुनः शुरू कर दिया जाएगा और तब तक श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यात्रा पर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रुकें।
उधर मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए राज्य के नौ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल शामिल हैं। इन क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं। प्रशासन को सतर्क रहने और आपदा से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें हाई अलर्ट पर रखी गई हैं। अधिकारियों ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से पहाड़ी रास्तों पर यात्रा न करें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और मौसम साफ होने तक घरों में ही सुरक्षित रहें। हल्द्वानी सहित नैनीताल जिले में भी तेज बारिश और बिजली चमकने के आसार हैं, इसलिए स्थानीय लोगों को भी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
