Connect with us

उत्तराखण्ड

श्रमिक हितों को नई सौगात: मुख्यमंत्री धामी ने कल्याणकारी योजनाओं का किया शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मोबाइल मेडिकल वैन रवाना

खबर शेयर करें -

 

श्रमिक हितों को नई सौगात: मुख्यमंत्री धामी ने कल्याणकारी योजनाओं का किया शुभारंभ, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मोबाइल मेडिकल वैन रवाना

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत करते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिकों एवं उनके परिवारों के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

 

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य की विकास यात्रा के सबसे महत्वपूर्ण भागीदार हैं। सरकार की प्राथमिकता केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज शुरू की गई योजनाएं श्रमिक परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी।

 

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को पोषण संबंधी सहायता दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

 

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित होकर शुरू किए गए मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को हाईजीन किट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना भी प्रारंभ की गई है। इस योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को योग एवं वेलनेस के क्षेत्र में आवासीय व्यवस्था सहित निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक वर्ष 210 बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र श्रमिकों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर श्रमिकों को उनके कार्यस्थल और निवास स्थान पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

इन मोबाइल मेडिकल वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जाएंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह भी उपलब्ध होगी। जांच के बाद तीन महीने तक श्रमिकों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी भी की जाएगी। इस सेवा की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत जिलों से की जा रही है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘श्रमेव जयते’ के मंत्र को राज्य सरकार पूरी गंभीरता से आत्मसात कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है। इसी सोच के तहत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों को मातृत्व के दौरान आर्थिक सहायता, पोषण सहयोग तथा श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए वित्तीय सहायता जैसी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें आवश्यक औजार, साइकिल और सिलाई मशीन उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को घर बनाने या खरीदने के लिए आर्थिक सहायता तथा वृद्ध श्रमिकों को मासिक पेंशन भी दी जा रही है, जिससे उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग मिल सके।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ उन्हें निर्बाध रूप से मिलता रहे।

कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की उपलब्धियों और नई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, विधायक दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहनी पोखरिया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी तथा श्रमायुक्त पी.सी. दुम्का सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts