राजनीति
राम मंदिर चढ़ावा: 500 के नोट हुए कम, 10-20 रुपये की गिनती बढ़ी… दान में दिखा बदलाव
राम मंदिर चढ़ावा: 500 के नोट हुए कम, 10-20 रुपये की गिनती बढ़ी… दान में दिखा बदलाव
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आने वाले नकद चढ़ावे में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले जहां दान पेटियों की गणना के दौरान 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां अधिक नजर आती थीं, वहीं अब 10, 20 और 50 रुपये के नोटों की संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है।
सूत्रों के अनुसार, हाल में सामने आए चढ़ावा गड़बड़ी प्रकरण के बाद श्रद्धालुओं के दान करने के तरीके में बदलाव आया है। हालांकि मंदिर ट्रस्ट की ओर से चढ़ावे में कमी या दान की राशि घटने को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
श्रद्धालुओं की संख्या में भी आई कमी
रामलला के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी गिरावट बताई जा रही है। जून तक जहां प्रतिदिन करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या लगभग 60 हजार प्रतिदिन के आसपास बताई जा रही है। इसका असर मंदिर क्षेत्र के आसपास के कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है।
प्रसाद, पूजा सामग्री, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि श्रद्धालुओं की संख्या कम होने से बिक्री प्रभावित हुई है। कुछ व्यापारियों का मानना है कि चढ़ावा चोरी मामले का असर लोगों की भावनाओं पर पड़ा है, जबकि कुछ इसे जुलाई में स्कूल खुलने और बारिश के कारण सामान्य मौसमी बदलाव बता रहे हैं।
रेल यात्रियों की संख्या भी घटी
अयोध्या आने वाले रेल यात्रियों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई है। पहले जहां जुलाई में रोजाना 40 से 50 हजार श्रद्धालु रेल से पहुंचते थे, अब यह संख्या घटकर करीब 20 से 25 हजार के बीच रह गई है। हालांकि हवाई यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में खास बदलाव नहीं आया है।
मंदिर प्रबंधन की ओर से दान व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, लेकिन चढ़ावे में आए बदलाव को लेकर श्रद्धालुओं और व्यापारियों के बीच चर्चा जारी है।
