अपराध
हल्द्वानी निवासी दुल्हन की शादी के छठे दिन हत्या, बेड में मिला सड़ा-गला शव; पति फरार
शादी के छठे दिन दुल्हन की हत्या, बेड में मिला सड़ा-गला शव; पति फरार
नई दिल्ली के नबी करीम इलाके में शादी के महज छह दिन बाद एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति हत्या के बाद पत्नी का शव कमरे में रखे बेड के अंदर छिपाकर फरार हो गया। कई दिनों बाद कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस ने बेड के भीतर से महिला का सड़ी-गली हालत में शव बरामद किया।
मृतका की पहचान हल्द्वानी निवासी निशा परवीन (28) के रूप में हुई है। उसका पति मोहम्मद एजाज (39) घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
26 अप्रैल को हुई थी शादी
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर के अनुसार, निशा परवीन की शादी 26 अप्रैल को बिहार के वैशाली निवासी मोहम्मद एजाज से हुई थी। एजाज दिल्ली के लक्ष्मणपुरी, नबी करीम इलाके में किराये के कमरे में रहकर बैग बनाने का काम करता था। शादी के तीन दिन बाद, 29 अप्रैल को वह निशा को हल्द्वानी से दिल्ली लेकर आया था।
दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दिल्ली लाने के बाद से ही एजाज और उसके परिवार ने निशा को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। निशा ने इसकी जानकारी अपने परिवार को भी दी थी। आरोप है कि 2 मई को पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद एजाज ने निशा की हत्या कर दी।
बदबू आने पर खुला राज
करीब छह दिन तक शव कमरे में ही छिपा रहा। 8 मई को कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। तलाशी के दौरान बेड के अंदर से महिला का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की सूचना एसडीएम, क्राइम टीम और एफएसएल को भी दी गई।
आरोपी का भाई गिरफ्तार
निशा के पिता मोहम्मद हसन की शिकायत पर पुलिस ने हत्या और दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आरोपी के बड़े भाई सरफराज को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी एजाज की तलाश में पुलिस टीम बिहार भेजी गई है।
