अपराध
अल्मोड़ा में बाघ का हमला: जंगल गए बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, गांव में दहशत
अल्मोड़ा में बाघ का हमला: जंगल गए बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, गांव में दहशत
अल्मोड़ा जिले के मौलेखाल क्षेत्र में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे मोहान रेंज के तड़म (बेलम) गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक बुजुर्ग को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय खीम सिंह रोज की तरह सुबह करीब सात बजे जंगल में लकड़ी और घास लेने गए थे। आमतौर पर वह सुबह 10 बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन इस दिन देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर खून के निशान मिलने से अनहोनी की आशंका गहराई। ग्रामीणों ने आसपास के जंगल में तलाश तेज की, जहां करीब एक किलोमीटर अंदर खीम सिंह का क्षत-विक्षप्त शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर स्पष्ट था कि बाघ ने हमला कर उन्हें मार डाला।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और बाघ को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मृतक के परिवार में उनकी पत्नी और बहू रहती हैं, जबकि दोनों बेटे बाहर नौकरी करते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

