Connect with us

Uncategorized

पीसीसी के 225 सदस्यों का चुनाव अंतिम दौर में, सितंबर माह के पहले पखवाड़े तक माहरा को मिल जाएगी नई टीम

देहरादून :प्रदेश में कांग्रेस का नया सांगठनिक ढांचा चालू माह के अंतिम सप्ताह तक आकार लेने जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 225 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। अगले माह अगस्त के आखिर अथवा सितंबर माह के पहले पखवाड़े तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की नई टीम अस्तित्व में आ जाएगी।

प्रदेश में कांग्रेस के नए संगठन के चुनाव की प्रक्रिया गति पकड़ चुकी है। पार्टी 11 हजार से अधिक बूथ अध्यक्षों की तैनाती के बाद सांगठनिक ब्लाक इकाइयों का गठन कर चुकी है। उत्तराखंड में कांग्रेस के 225 सांगठनिक ब्लाक हैं। इनमें अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। सांगठनिक जिलों को लेकर पार्टी में मंथन चल रहा है। इनकी संख्या कम की जा सकती है। यद्यपि इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।

नई दिल्ली में सांगठनिक चुनाव की स्थिति पर हुआ था गहन मंथन

बीते माह जून के अंतिम सप्ताह में नई दिल्ली में उत्तराखंड में सांगठनिक चुनाव की स्थिति पर गहन मंथन हो चुका है। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रदेश के लिए नामित प्रदेश चुनाव अधिकारी और सहायक चुनाव अधिकारी उपस्थित रहे थे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी में 225 सदस्य चुने जाने हैं। इसकी प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। माना जा रहा है कि 25 जुलाई तक यह प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद अगले एक से डेढ़ माह में नई कार्यकारिणी का गठन होने के संकेत हैं। नई कार्यकारिणी का आकार इस बार बड़ा नहीं होगा। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा स्पष्ट कर चुके हैं िक नई कार्यकारिणी का जंबो आकार नहीं रहेगा। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय कार्यकर्त्ताओं और नेताओं की मजबूत और छोटी टीम खड़ी की जाएगी।

माहरा की नई टीम को लेकर पार्टी के दिग्गज नेताओं में उत्सुकता बनी हुई है। बड़े नेताओं की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि उनके समर्थकों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में स्थान मिले। नई कार्यकारिणी में संतुलन साधने की चुनौती रहना तय है। पार्टी के नए संगठन की पहली बड़ी परीक्षा वर्ष 2024 के आम चुनाव में होनी है। इससे पहले स्थानीय निकाय चुनाव से भी उन्हें गुजरना होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि संगठन में निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्त्ताओं को जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि आने वाली चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया जा सके।

प्रदेश प्रभारी से मिले माहरा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा इस समय दिल्ली भ्रमण पर हैं। वहां उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव एवं अन्य केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। माहरा ने संगठन से जुड़े विषय को लेकर भी चर्चा की है।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts