Connect with us

Uncategorized

 20 साल के अचिंता शेउली ने दिलाया तीसरा गोल्ड, बनाया नया रिकॉर्ड

भारतीय वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने कमाल कर दिया है। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक जीता है। भारत ने तीनों स्वर्ण समेत सभी पदक वेटलिफ्टिंग में ही जीते हैं। 20 साल के अचिंता ने 73 किलोग्राम भारवर्ग में स्नैच राउंड में 143 किलो और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलो समेत कुल 313 किलो वजन उठाया। यह भारत के लिए तीसरे दिन (रविवार) का दूसरा पदक रहा। इससे पहले वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिनुंगा ने 67 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण जीता था।

अचिंता ने स्नैच राउंड में 143 किलो और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलो वजन समेत कुल 313 किलो वजन उठाया, जो कि कॉमनवेल्थ गेम्स में रिकॉर्ड भी है। अचिंता के नाम अब स्नैच राउंड में कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड, क्लीन एंड जर्क राउंड में कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड और कुल वजन में भी कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड है।

अचिंता और जेरेमी से पहले शनिवार को भारत ने चार पदक वेटलिफ्टिंग में ही जीते थे। महिलाओं में अपने-अपने भारवर्ग में मीराबाई चानू ने स्वर्ण और बिंदियारानी देवी ने रजत पदक जीता था। वहीं, पुरुषों में अपने-अपने भारवर्ग में संकेत सरगर ने रजत और गुरुराजा पुजारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में भारत फिलहाल छठे स्थान पर है। भारत से आगे ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा हैं।

 इस बार बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में वेटलिफ्टिंग में अब तक भारत को तीन स्वर्ण समेत छह पदक मिल गए हैं। 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में भारत पदक के मामले में टॉप पर है। दूसरे नंबर पर तीन पदक के साथ मलेशिया है। अब यह देखना है कि भारत 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के रिकॉर्ड को तोड़ पाता है या नहीं।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts