Connect with us
Dehradun एन मैरी स्कूल के छात्र की क्रिकेट खेलते हुए तबीयत बिगड़ी थी उपचार के दौरान मौत हुई। छात्र के स्वजनों ने स्कूल प्रबंधन व कोच के व्यवहार के प्रति नाराजगी व्यक्त की। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।

Uncategorized

क्रिकेट खेलते बेहोश हुआ 12वीं का छात्र, उपचार के दौरान मौत से कोहराम; कोच पर लगे संगीन इल्‍जाम

खबर शेयर करें -

देहरादून : एन मैरी स्कूल के 12वीं के छात्र की क्रिकेट खेलने के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। क्रिकेट मैदान पर तबीयत बिगड़ने से बेहोश हुए छात्र को स्कूल प्रबंधन ने उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन उपचार के दौरान छठे दिन छात्र की मौत हो गई।

छात्र के स्वजनों ने स्कूल प्रबंधन व खेल कोच से नाराजगी जताई है। स्वजनों का कहना है कि जब छात्र की तबीयत बीच मैच में बिगड़ने लगी थी तो उसे आराम कराकर समय रहते उपचार कराना चाहिए था। हालांकि, स्वजनों ने इस मामले में अभी पुलिस में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई है। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।

एन मैरी स्कूल बल्लीवाला चौक की ओर से झाझरा में इंटर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही थी। वसंत विहार थाना पुलिस के अनुसार बीते शुक्रवार 14 अप्रैल को क्रिकेट मैच के दौरान 12वीं कक्षा का छात्र अयाम राजपूत हीटस्ट्रोक के कारण बेहोश होकर मैदान पर गिर गया।

उपचार के दौरान छात्र की मौत हो गई

स्कूल प्रबंधन ने अयाम को मैदान के समीप सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया व उसके स्वजनों को सूचना दी। स्वजनों ने छात्र को पटेलनगर स्थित इंद्रेश अस्पताल में शिफ्ट करा दिया। यहां स्वास्थ्य में लाभ नहीं होने पर तीसरे दिन छात्र को मसूरी रोड स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान बुधवार शाम छात्र की मौत हो गई।

गुरुवार को शोक के तौर पर स्कूल प्रबंधन ने अवकाश घोषित कर दिया। शिमला बाइपास स्थित प्रकाश लोक कालोनी निवासी छात्र के स्वजनों से जब दैनिक जागरण की टीम ने बात की तो उन्होंने स्कूल प्रबंधन व कोच के प्रति नाराजगी व्यक्त की। छात्र के पिता एएन राजपूत ने कहा कि उनका बेटा बिल्कुल स्वस्थ था।

वहीं, छात्र की बहन ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने बिना किसी अभ्यास के छात्रों को सीधे मैच खिलाए। तपती धूप में एक ही दिन में दो-दो मैच खिलाए। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान प्रत्येक ओवर डालने के बाद अयान पानी पीकर मैदान पर आराम कर रहा था।

संभवत: उसकी तबीयत बिगड़ रही थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उसे मैच खेलने से नहीं रोका। स्वजनों ने कहा कि उनका बेटा तो अब इस दुनिया में नही रहा, लेकिन स्कूल प्रबंधन को भविष्य में इस तरह के प्रकरण में सचेत रहने की जरूरत है। वहीं, वसंत विहार थानाध्यक्ष होशियार सिंह कोहली ने बताया कि स्जवनों की ओर से इस संबंध में अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है। अगर शिकायत मिलती है तो पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।

वैशाखी के दिन 14 अप्रैल को दो बसों से 64 छात्रों को झाझरा स्थित क्रिकेट मैदान में सालाना इंटर हाउस क्रिकेट मैच खेलने ले जाया गया था। छात्र अयाम राजपूत भी इनमें शामिल था। मैच ड्रा होने के चलते सुपर ओवर की तैयारी थी, लेकिन इसी बीच अयाम की तबीयत बिगड़ गई तो साथी खिलाड़ी उसे वापस पवेलियन ले आए। एंबुलेस से उसे सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया व परिवार को तत्काल सूचित किया गया। स्वजन स्वयं अयान को महंत इन्दिरेश अस्पताल ले गए। मैं स्वयं लगातार परिवार के संपर्क में था। बुधवार को अयाम के पिता का मैसेज आया कि अयान का निधन हो गया। मैच के समय पहले से तबीयत खराब जैसी कोई बात नहीं थी और ना ही इस संबंध में अयान या स्वजनोंने स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी। स्कूल परिवार इस घटना से काफी दुखी है। गुरुवार को स्कूल भी बंद रखा गया।

– डा. दीपक अरोड़ा, प्रधानाचार्य, एन मैरी स्कूल

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts