उत्तराखण्ड
योग जीवन का अनिवार्य हिस्सा : प्रो. लोहनी, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में हुआ भव्य योग महोत्सव
योग जीवन का अनिवार्य हिस्सा : प्रो. लोहनी, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में हुआ भव्य योग महोत्सव
हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में योग विभाग की ओर से भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहानी के नेतृत्व में शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षार्थी और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रधानमंत्री के योग दिवस संदेश के प्रसारण के साथ हुआ। इस वर्ष की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ जीवन के लिए योग) पर प्रकाश डालते हुए योग को हर आयु वर्ग के लिए आवश्यक बताया गया।
योगाभ्यास एवं ध्यान सत्र का संचालन योग विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नीता दियोलिया और शोधार्थी मनीषा रावत ने कराया। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी ने स्वयं योगाभ्यास में भाग लेते हुए दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर योग विभागाध्यक्ष डॉ. भानु प्रकाश जोशी ने विभाग की ओर से चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 मार्च से 21 जून तक प्रत्येक रविवार निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए गए। वहीं 1 जून से 21 जून तक 21 दिवसीय योग अभियान चलाया गया, जिसमें उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में विद्यार्थियों और योग साधकों को प्रशिक्षण दिया गया।
स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की निदेशिका प्रोफेसर मंजरी अग्रवाल ने कहा कि बढ़ती आयु वर्गीय आबादी के बीच योग स्वस्थ और सक्रिय जीवन का महत्वपूर्ण माध्यम है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी ने योग विभाग द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग को जीवन का नियमित हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपिका कुमार ने किया, जबकि कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
