Connect with us

अपराध

काले जादू का डर दिखाकर महिला से दो लाख की ठगी, विशेष पूजा के नाम पर बनाया शिकार

 

काले जादू का डर दिखाकर महिला से दो लाख की ठगी, विशेष पूजा के नाम पर बनाया शिकार

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने खुद को पुजारी बताने वाले व्यक्ति पर अंधविश्वास का भय दिखाकर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी ने परिवार को काले जादू और बुरी शक्तियों का डर दिखाया और विशेष पूजा व हवन कराने के नाम पर रकम ऐंठ ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

प्रेमनगर निवासी सीमा तलवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राहुल थापा नाम का व्यक्ति खुद को मंदिर का पुजारी बताता था। आरोप है कि उसने परिवार को बताया कि उनके घर पर नकारात्मक शक्तियों और काले जादू का प्रभाव है। अगर तुरंत विशेष पूजा और हवन नहीं कराया गया तो परिवार पर बड़ा संकट आ सकता है।

 

 

डर के माहौल में परिवार ने आरोपी के कहने पर पूजा और हवन कराया। आरोप है कि इस दौरान राहुल थापा ने अनुष्ठान के नाम पर दो लाख रुपये लिए। यह रकम 50-50 हजार रुपये के चार अलग-अलग लिफाफों में दी गई थी।

पीड़िता के अनुसार नौ जून की शाम उनके घर पर हवन कराया गया, जिसमें राहुल थापा खुद मौजूद था। उसने परिवार को किसी भी तरह की फोटो या वीडियो बनाने से मना किया था। इस पर संदेह होने के बाद उनकी बेटी वैशाली ने पीछे और साइड से उसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

बाद में परिवार को जानकारी मिली कि राहुल थापा पर पहले भी लोगों को धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर ठगने के आरोप लग चुके हैं। बताया गया कि वह सेलाकुई में 65 तोला सोना ठगने के मामले में जेल में बंद है और उसके खिलाफ अन्य थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।

परिवार ने सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पीड़िता का आरोप है कि राहुल थापा ने झूठे दावों और डर का सहारा लेकर परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया और धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली।

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts