अपराध
उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत
अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन लोगों की मौत
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन संख्या UK04F6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है। मौके पर वाहन नहीं मिलने पर उसके खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, 108 सेवा, आपदा कंट्रोल, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान कार सड़क से करीब 150 मीटर नीचे खाई में क्षतिग्रस्त हालत में मिली। वाहन में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार तीनों लोग जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
