Connect with us

उत्तराखण्ड

प्रशासन की बातों को आवाज देने वाले अधिकारी की आवाज हमेशा के लिए हुई खामोश , पंचतत्व में विलीन हुए गिरिजा शंकर जोशी

 

जिला सूचना अधिकारी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग और मीडिया जगत में शोक; चित्रशिला घाट पर नम आंखों से दी अंतिम विदाई

हल्द्वानी। जिनके माध्यम से प्रशासन की गतिविधियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की खबरें मीडिया तक पहुंचती थीं, आज उसी सूचना तंत्र के महत्वपूर्ण अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम विदाई ने हल्द्वानी के मीडिया और प्रशासनिक जगत को भावुक कर दिया। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल के पद पर कार्यरत गिरिजा शंकर जोशी रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके निधन से सूचना विभाग, प्रशासन, पत्रकारिता जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर है।

 

 

गिरिजा शंकर जोशी जिला सूचना अधिकारी के रूप में प्रशासन और मीडिया के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते थे। जनपद में होने वाली प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी कार्यक्रमों, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी सूचनाओं को मीडिया तक पहुंचाने की जिम्मेदारी में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। पत्रकारों के साथ निरंतर संवाद और विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहा। यही वजह है कि उनके आकस्मिक निधन की खबर ने उन तमाम लोगों को स्तब्ध कर दिया, जिनका उनसे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नियमित संवाद रहता था।

 

 

12 सितंबर की दोपहर अचानक हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। उनके असमय चले जाने से सूचना विभाग ने अपना एक जिम्मेदार अधिकारी खो दिया, वहीं मीडिया जगत ने ऐसा सहयोगी खोया जिसके साथ रोजमर्रा की खबरों और प्रशासनिक सूचनाओं को लेकर संवाद होता था। स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र एवं एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

नम आंखों से अंतिम यात्रा में शामिल हुए लोग

स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का अंतिम संस्कार रविवार, 13 सितंबर को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर पूरे गमगीन माहौल में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा प्रातः 8 बजे उनके निवास स्थान बीके पुरम, निकट रेनबो पब्लिक स्कूल, बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई।

 

 

 

चित्रशिला घाट पर आयोजित अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी नैनीताल हंसादत्त पांडे, भट्ट, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम, सहित जनपद के समस्त पत्रकार बंधु एवं सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं शोकाकुल परिजनों ने पहुंचकर स्वर्गीय जोशी को अंतिम विदाई दी।

 

प्रशासन की बातों को आवाज देने वाले अधिकारी की आवाज हमेशा के लिए हुई खामोश , पंचतत्व में विलीन हुए गिरिजा शंकर जोशी

चित्रशिला घाट पर मौजूद हर चेहरा गमगीन था। प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर पत्रकारों और सूचना विभाग के कर्मचारियों तक ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम विदाई के दौरान उनके साथ जुड़े लोगों ने उनके सरल व्यवहार, सहज संवाद और विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन को याद किया।

 

 

परिवार के प्रति जताई संवेदना

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोक सभा

स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में दिनांक 14 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा की जाएगी। शोक सभा में सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार बंधु एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

 

Continue Reading

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts