अपराध
खाई में गिरी थार, हल्द्वानी निवासी एक युवक की मौत, दो घायल
खाई में गिरी थार, हल्द्वानी निवासी एक युवक की मौत, दो घायल
नैनीताल के तल्लीताल थाना क्षेत्र के पाइन्स इलाके में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक थार वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद प्रशासन और राहत एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नैनीताल और थानाध्यक्ष तल्लीताल पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना हुए। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने SDRF और फायर सर्विस टीम के साथ मिलकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई में गिरे वाहन तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीमों ने तेजी और सूझबूझ के साथ राहत कार्य को अंजाम दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वाहन में सवार तीनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई गई, जबकि एक को हल्की चोटें आई थीं। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से बी.डी. पाण्डे जिला चिकित्सालय, नैनीताल भेजा गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान राहुल कुमार (21 वर्ष), पुत्र सुरेश चन्द्र, निवासी नियर देवाशीष होटल, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक को ड्राइविंग के दौरान नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायलों में अरविंद सिंह (24 वर्ष) निवासी जोधपुर, राजस्थान और युवराज सिंह (20 वर्ष) निवासी जोधपुर, राजस्थान शामिल हैं।
