अपराध
गंठा लिए जा रहा था 65 लाख की स्मैक, लालकुआं में नशे का बड़ा खेल बेनकाब! दो तस्कर को पुलिस ने दबोचा
गंठा लिए जा रहा था 65 लाख की स्मैक, लालकुआं में नशे का बड़ा खेल बेनकाब! दो तस्कर को पुलिस ने दबोचा
लालकुआं। नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के बीच लालकुआं में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है। एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपी बहेड़ी से स्मैक खरीदकर लालकुआं क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में थे।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन राणा और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में गठित टीम को इसी दौरान बड़ी कामयाबी मिली।
6 अक्टूबर को सुभाष नगर बैरियर के पास पुलिस ने एक अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को चेकिंग के लिए रोका। कार में सवार दो लोगों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ का वजन 218.04 ग्राम था, जिसकी बाजार कीमत करीब 65.40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में कोतवाली लालकुआं में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाए थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक की सप्लाई कहां की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस की जांच का फोकस बहेड़ी से लेकर लालकुआं तक फैले सप्लाई नेटवर्क पर है।
गिरफ्तार आरोपी
नदीम खान उर्फ गंठा (36) पुत्र शकील खान, निवासी इंद्रानगर, पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर। पेशा ट्रक चालक।
मो. शफीक उर्फ शफी (51) पुत्र मो. बल्ली, निवासी बहेड़ी, बरेली।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है।