Connect with us

अपराध

उत्तराखंड : शादी की पहली सालगिरह के दिन नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी , ससुर और पति पर मुकदमा

खबर शेयर करें -

टिहरी। घनसाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सांकरी गांव से एक दर्दनाक और संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय विवाहिता पूनम देवी का शव उसके घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि जिस दिन उसकी पहली शादी की सालगिरह थी, उसी दिन उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पूनम की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उसके पति और ससुर उसे पिलखी स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पीएचसी पिलखी की प्रभारी डॉ. उषा भट्ट ने रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक कार्रवाई में कुछ परिजनों को हिरासत में भी लिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन देर रात अस्पताल पहुंचे और वहां हंगामा किया, जबकि रविवार सुबह बेलेश्वर अस्पताल में भी उन्होंने प्रदर्शन किया। मृतका के पिता शिव सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि पूनम 21 अप्रैल को मायके आई थी और 25 अप्रैल को ससुराल लौटी थी, लेकिन उसी रात से ही स्थिति संदिग्ध बनी हुई थी और उन्हें केवल तबीयत खराब होने की सूचना दी गई।

परिजनों ने दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। धनपाल सिंह ने कहा कि विवाहिता को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शव को एम्बुलेंस के बजाय कार की डिग्गी में लाया गया, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो जाता है। परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं खेम सिंह ने आरोप लगाया कि इस घटना में पति, ससुर, सास सहित अन्य परिजन शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ससुर के राजनीतिक प्रभाव के चलते मामले को दबाने की कोशिश की गई और पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी गई।

थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बोराड़ी भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल ससुर को हिरासत में लिया गया है, जबकि पति को अंतिम संस्कार के बाद हिरासत में लेने की बात कही गई है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts