अपराध
भड़काऊ बयान मामले में पुलिस की कार्रवाई, रामपुर निवासी मौलवी गिरफ्तार
भड़काऊ बयान मामले में पुलिस की कार्रवाई, रामपुर निवासी मौलवी गिरफ्तार
रुद्रपुर। मिलाद-ए-जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर कथित आपत्तिजनक बयान देने के मामले में पुलिस ने रामपुर निवासी मुफ़्ती मुजीब को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि बुधवार को रुद्रपुर में मिलाद के जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान मुफ़्ती मुजीब की ओर से कथित तौर पर मदरसों को लेकर बयान दिया गया। सभा का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद मुफ़्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो में कही गई बातों के साथ-साथ अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर का माहौल खराब करने अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मुफ़्ती मुजीब की ओर से कथित बयान को लेकर अलग पक्ष सामने आया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है और उन्होंने सरकार को निशाना बनाते हुए कोई टिप्पणी नहीं की थी।
पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस-प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो या संदेश को बिना पुष्टि के प्रसारित नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

