Connect with us

Uncategorized

दो फरवरी को आएगा भाजपा का दृष्टि पत्र, गडकरी और धामी समेत अन्य नेता करेंगे लांच

देहरादून: विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा दो फरवरी को अपना दृष्टि पत्र (घोषणा पत्र) जारी करेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य पार्टी नेता देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में इसे लांच करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इसी दिन प्रदेश के सभी जिलों में भी पार्टी नेता दृष्टि पत्र लांच करेंगे।

भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में चुनाव घोषणा पत्र समिति गठित की है, जो पार्टी का दृष्टि पत्र तैयार करने में जुटी है। हाल के दिनों में भाजपा ने प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनसुझाव रथ भेजकर दृष्टि पत्र के लिए आमजन से सुझाव लिए। इस दौरान पार्टी को 70 हजार से अधिक सुझाव मिले, जिन्हें दृष्टि पत्र में समाहित किया जा रहा है।

गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की थी कि पार्टी दो फरवरी को अपना दृष्टि पत्र जारी कर सकती है। शनिवार को मीडिया से बातचीत में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि दृष्टि पत्र का कार्य अंतिम चरण में है। जनता के सुझावों से इसे तैयार किया गया है और दो फरवरी को यह जनता को समर्पित किया जाएगा।

——————————- 

रघुवीर बिष्ट बने कांग्रेस के प्रदेश महासचिव

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चुनाव के ठीक पहले क्षेत्रीय संतुलन को बनाने के लिए एक महासचिव व चार प्रदेश सचिवों की नियुक्ति की है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठन का विस्तार करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह बिष्ट को प्रदेश महासचिव व दान सिंह राणा, देवेंद्र कन्याल, मेंहदी हसन और नासिर खान को प्रदेश सचिव पद की जिम्मदारी सौंपी है। उपरोक्त जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन मथुरादत्त जोशी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस संगठन का विस्तार करते हुए रघुवीर सिंह बिष्ट को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी के साथ-साथ श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में समन्वयक का दायित्व भी सौंपा है। गोदियाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे व अपने-अपने क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगे।

Continue Reading

More in Uncategorized

Recent Posts

Facebook

Trending Posts