उत्तराखण्ड
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के जन्मदिन पर हल्द्वानी में सेवा का संदेश, स्कूलों में बच्चों को बांटे फल
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के जन्मदिन पर हल्द्वानी में सेवा का संदेश, स्कूलों में बच्चों को बांटे फल
मनोज लोहनी, हल्द्वानी। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को हल्द्वानी में विभिन्न विद्यालयों में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित कर उनके जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार के रूप में मनाया गया। समाजसेवी नागेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चार विद्यालयों में बच्चों को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम के तहत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवलचौड़, राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवलचौड़, प्राथमिक विद्यालय मुंगेली गार्डन रामपुर रोड तथा प्राथमिक विद्यालय बागजाला गोलापार हल्द्वानी में बच्चों को फल बांटे गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच उत्साह का माहौल रहा।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी विद्यालयों में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मंत्री के स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के बीच फल वितरण जैसे कार्यक्रम उनके प्रति शुभकामनाओं के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवलचौड़ में विद्यालय के लिए वाटर कूलर लगाने की भी घोषणा की गई। हितेंद्र उप्रेती ने मंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय में वाटर कूलर लगवाने की सहमति दी, जिसे अगले दस दिनों के भीतर स्थापित किए जाने की बात कही गई। वहीं समाजसेवी नागेश गुप्ता ने विद्यालय के लिए चार पंखे उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम में नागेश गुप्ता के साथ यशपाल बिष्ट, हितेंद्र उप्रेती, अमित गुप्ता, सुबोध दीक्षित, आनंद बोरा, नवीन गोस्वामी, मनोज जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी नागेश गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री के रूप में शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उनके जन्मदिन को बच्चों के बीच पहुंचकर मनाना इस बात का संदेश है कि समाज और शिक्षा का रिश्ता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता से भी मजबूत होता है।