Connect with us

अपराध

देहरादून में IPL सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, दुबई कनेक्शन समेत पांच गिरफ्तार

देहरादून में IPL सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, दुबई कनेक्शन समेत पांच गिरफ्तार

देहरादून में उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। बसंत विहार थाना क्षेत्र स्थित ऋषि विहार कॉलोनी के एक किराये के फ्लैट पर छापेमारी कर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में गिरोह के तार दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप से जुड़े मिले हैं।

 

 

पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार रात कार्रवाई की गई। मौके पर आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाते मिले। गिरफ्तार आरोपियों में छत्तीसगढ़ निवासी सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा, अभिषेक शर्मा तथा बिहार निवासी संदीप कुमार शामिल हैं।

 

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 डेबिट कार्ड, एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर कनेक्शन और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ी डिजिटल सामग्री बरामद की है। जांच में कई बैंक खातों की जानकारी भी सामने आई है, जिनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन की आशंका जताई जा रही है।

 

 

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रेडीबुक बैटिंग एप के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहे थे। एप की यूजर आईडी और पासवर्ड दिल्ली-गुरुग्राम में रहने वाला सुमित यादव उपलब्ध कराता था, जिसे यह एक्सेस दुबई से मिलता था। इसके बाद नए यूजर बनाकर उनसे रकम जमा कराई जाती थी और आईपीएल मैचों पर दांव लगवाया जाता था।

 

 

पुलिस जांच में सुमित यादव को पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह पहले महादेव बैटिंग एप और उसके संचालक सौरभ चंद्राकर से भी जुड़ा रहा है। महादेव एप पर प्रतिबंध लगने के बाद उसने रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए नया नेटवर्क खड़ा किया। दोनों एप भारत में प्रतिबंधित हैं और दुबई से संचालित किए जा रहे हैं।

 

 

पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts