Connect with us

अपराध

गुरुद्वारा हाईजेक: रुद्रप्रयाग में तनाव बरकरार: नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों का विरोध, पुलिस-ITBP तैनात; इंटरनेट सेवा प्रभावित

खबर शेयर करें -

 

गुरुद्वारा हाईजेक: रुद्रप्रयाग में तनाव बरकरार: नगरासू गुरुद्वारे में निहंगों का विरोध, पुलिस-ITBP तैनात; इंटरनेट सेवा प्रभावित

रुद्रप्रयाग। जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारा लंगर धाम साहिब में शनिवार शाम से बना तनाव रविवार को भी जारी रहा। कर्णप्रयाग में 16 जून को हुए विवाद के बाद कुछ निहंग सिख नगरासू गुरुद्वारे पहुंचे और विरोध जताते हुए हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और आईटीबीपी के जवानों को मौके पर तैनात किया गया है।

 

 

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे हेमकुंड साहिब यात्रा से जुड़े कुछ निहंग गुरुद्वारे पहुंचे थे। आरोप है कि वहां सेवादार और एक बाबा के साथ मारपीट की गई। कुछ देर के लिए एक व्यक्ति को बंधक बनाए जाने की बात भी सामने आई, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया।

 

 

घटना के बाद कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके पास पत्थर भी थे, जिससे आसपास के क्षेत्र में डर का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

प्रशासन की ओर से निहंगों को समझाने के लिए वार्ता की गई। डीएम विशाल मिश्रा और एसपी निहारिका तोमर ने दो दौर की बातचीत की, लेकिन वार्ता सफल नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस और आईटीबीपी की टीमें गुरुद्वारे में मौजूद लोगों को बाहर निकालने के प्रयास में जुटी रहीं।

पुलिस के अनुसार गुरुद्वारे में आठ लोग मौजूद हैं, जिनमें सात निहंग बताए जा रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और इंटरनेट सेवा भी प्रभावित है।

बताया जा रहा है कि निहंगों की नाराजगी कर्णप्रयाग में हुए विवाद को लेकर है। उनका आरोप है कि उस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई। वहीं स्थानीय लोगों ने गुरुद्वारे में तोड़फोड़ और सूचना पट्ट हटाने के आरोप लगाए हैं।

मामले को लेकर सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया है। गृह सचिव शैलेश बगोली ने कहा कि विवाद को सांप्रदायिक रंग देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप करेंगे।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts