Connect with us

अपराध

एसी ठीक करते समय करंट की चपेट में आए पिता-पुत्री, दोनों की मौत

 

एसी ठीक करते समय करंट की चपेट में आए पिता-पुत्री, दोनों की मौत

हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात एसी का आउटडोर पैनल ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से पिता और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के बयानों में भी अंतर सामने आया है।

 

 

वनभूलपुरा के वार्ड छह, लाल मस्जिद निवासी 44 वर्षीय नदीम कार गैराज में काम करते थे। बताया गया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह घर की छत पर एसी में आई तकनीकी खराबी ठीक करने गए थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।

 

 

पिता की चीख सुनकर उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा उन्हें बचाने के लिए छत पर पहुंची। पिता को छूते ही वह भी करंट की चपेट में आ गई। आनन-फानन में बिजली आपूर्ति बंद कर दोनों को परिजन डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घर के पास लगे बिजली के पोल में करंट उतरने से हादसा हुआ। हालांकि, ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी मनीष जोशी के अनुसार सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। तकनीकी जांच में बिजली के पोल में करंट नहीं मिला। उनके मुताबिक छत पर रखे एसी के आउटडोर पैनल में खराबी के कारण करंट लगने की जानकारी सामने आई है।

कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts