Connect with us

अपराध

कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान केएमवीएन के अल्मोड़ा निवासी कुक की मौत, गुम्फू में ऑक्सीजन की कमी से बिगड़ी तबीयत

 

कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान केएमवीएन के कुक की मौत, गुम्फू में ऑक्सीजन की कमी से बिगड़ी तबीयत

 

दूसरे यात्री दल के साथ थे तैनात, लिपुलेख दर्रे के रास्ते भारत लाया जा रहा पार्थिव शरीर

 

 

पिथौरागढ़। कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के कुक जीवन राम (37) की चीन के गुम्फू क्षेत्र में संदिग्ध रूप से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऊंचाई वाले क्षेत्र में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया।

 

 

जीवन राम मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के जैंती क्षेत्र के निवासी थे और नैनीताल के तल्लीताल स्थित केएमवीएन पर्यटक विश्राम गृह (टीआरसी) में तैनात थे। वह कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे दल के 47 यात्रियों के लिए भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे थे। सोमवार को दल ने कैलाश पर्वत की परिक्रमा पूरी की थी और रात में गुम्फू में विश्राम किया।

 

 

यात्राधिकारी धन सिंह बिष्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह जब साथियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया तो वह बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिले। सूचना तत्काल चीन प्रशासन को दी गई। वहां के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के चलते उन्हें हृदयाघात आया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

केएमवीएन और प्रशासन की ओर से पार्थिव शरीर को लिपुलेख दर्रे के माध्यम से भारत लाया जा रहा है। आईटीबीपी की निगरानी में शव को गुंजी से धारचूला पहुंचाया जाएगा, जहां उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

इस घटना के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts