Connect with us

अपराध

शुद्धीकरण विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा

शुद्धीकरण विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की ओर से हाल ही में शुद्धीकरण की घटना को लेकर दिए गए बयान के बाद विवाद बढ़ गया है। हल्द्वानी में एक युवक की शिकायत पर पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

 

 

शिकायतकर्ता श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति से जुड़े अमित कुमार का आरोप है कि 11 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद परिसर में सफाई और शुद्धीकरण का आयोजन किया गया था। राहुल गांधी ने इस घटना को जातिगत संदर्भ से जोड़ते हुए टिप्पणी की, जिससे अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाएं आहत हुईं।

 

 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 196, 299 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले से संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

 

 

भाजपा ने लगाए राजनीतिकरण के आरोप

घटना को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे को तूल देने का आरोप लगाया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे स्वयं इस मामले का जिक्र पहले कर चुके हैं, जबकि राज्यसभा में भाजपा सांसद नरेश बंसल ने मामले में भाजपा या संघ की किसी भूमिका से इनकार किया था।

सीएम धामी ने भी दी प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामलीला मैदान में धार्मिक स्थल के रूप में इस्तेमाल की जा रही जगह पर गंदगी फैलने के बाद शुद्धीकरण किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई में भाजपा का कोई व्यक्ति शामिल नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषय को अनावश्यक राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

कांग्रेस फिलहाल ‘मंथन’ के बाद तय करेगी रणनीति

राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने तत्काल किसी बड़े पलटवार के बजाय आगे की रणनीति पर विचार शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कानूनी और राजनीतिक, दोनों स्तरों पर विकल्पों पर चर्चा की जा रही है। कांग्रेस नेतृत्व आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर सकता है।

Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts