अपराध
हल्द्वानी में मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत
हल्द्वानी में मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी की जान चली गई। चौफुला ऊंचापुल के पास शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे भूपाल सिंह (49) को एक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़ा ई-रिक्शा अचानक तेजी से पीछे की ओर आया और भूपाल सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून का थक्का जम गया। आनन-फानन में उन्हें नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन भी किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका।
रविवार सुबह करीब सात बजे उपचार के दौरान भूपाल सिंह ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी डिंपल बीएससी की छात्रा है, जबकि बेटा गौतम बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है। परिवार पूरी तरह भूपाल सिंह पर ही निर्भर था, ऐसे में उनकी असमय मौत से परिवार पर गहरा संकट आ गया है।