अपराध
हल्द्वानी में बिजली चोरी पर सबसे बड़ा एक्शन, बनभूलपुरा में 108 लोगों पर FIR*
हल्द्वानी में बिजली चोरी पर सबसे बड़ा एक्शन, बनभूलपुरा में 108 लोगों पर FIR*
50-55% लाइन लॉस पर विभाग सख्त, घर के अंदर लगे मीटर बाहर आएंगे, लगेगी हार्डमोंड केबल और स्मार्ट मीटर*
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में लंबे समय से हो रही बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। चीफ इंजीनियर के नेतृत्व में 7 विशेष टीमों ने गांधी नगर, नई बस्ती, आजाद नगर समेत पूरे बनभूलपुरा में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 108 घरों और प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी पकड़ी गई, जिनके खिलाफ बिजली चोरी की धारा में FIR दर्ज की जा रही है।
विभाग के मुताबिक बनभूलपुरा के कई फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पहुंच गया था, जो सामान्य से कई गुना ज्यादा है। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। चेकिंग में सामने आया कि कई जगह सीधे खंभे से तार डालकर चोरी की जा रही थी, तो कई जगह मीटर में कट लगाकर और मीटर को घर के अंदर छिपाकर बिजली चोरी की जा रही थी।
अभियान में SDO, JE सहित महिला-पुरुष स्टाफ के साथ पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौजूद रहीं। मौके पर ही चोरी में इस्तेमाल तार और अन्य सामान सीज किया गया।
*अब तीन बड़े बदलाव होंगे -*
विभाग ने चोरी रोकने के लिए तीन बड़े फैसले लिए हैं।
*1.* जिन घरों में मीटर अंदर लगे हैं, उन्हें बाहर शिफ्ट किया जाएगा।
*2.* इलाके की सामान्य केबल हटाकर हार्डमोंड (एरियल बंच) केबल लगाई जाएगी, जिससे तार में छेड़छाड़ कर चोरी करना आसान नहीं होगा।
*3.* कल से पूरे बनभूलपुरा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान शुरू किया जाएगा।
मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने कहा कि विभाग का मकसद ईमानदार उपभोक्ताओं को परेशान करना नहीं है, बल्कि बिजली चोरों पर कार्रवाई करना है। चोरी की वजह से ही ईमानदार लोगों को भी लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या झेलनी पड़ती है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस चोरी में विभाग का कोई कर्मचारी भी शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।