अपराध
हल्द्वानी में स्मैक तस्करी का बड़ा खुलासा, महिला तस्कर गिरफ्तार, 60 लाख की स्मैक बरामद
हल्द्वानी में स्मैक तस्करी का बड़ा खुलासा, महिला तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 60 लाख रुपये से अधिक कीमत की 203 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई माननीय मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन अभियान के दौरान की गई। पुलिस लगातार युवाओं को नशे के मकड़जाल से बचाने के लिए ड्रग्स माफियाओं पर कड़ी नजर रख रही है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में 25 मार्च 2026 को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस और एसओजी टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बेलबाबा क्षेत्र के पास एक संदिग्ध महिला को रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60.90 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान कनिका (40 वर्ष), पत्नी विजय, निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल पुष्पा देवी, कांस्टेबल अनिल टम्टा, तारा सिंह, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुन्दन कठायत और कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा शामिल रहे।
एसएसपी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।