अपराध
बड़ी खबर : दर्दनाक बस हादसा: एक की मौत, सात गंभीर घायल
नैनीताल में दर्दनाक बस हादसा: एक की मौत, सात गंभीर घायल
नैनीताल। जिले के नैनीताल-भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। केएमओयू की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिसमें एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना सुबह 7:27 बजे आपदा कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में तुरंत रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचकर देखा गया कि बस में करीब 15–16 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद कई यात्री बस में फंसे हुए थे, जिन्हें एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान के दौरान सात घायलों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जिसका शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसडीआरएफ और पुलिस ने घटनास्थल पर सर्च अभियान चलाकर अन्य यात्रियों की स्थिति का भी जायजा लिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।