Connect with us

उत्तराखण्ड

यमुनोत्री, गंगोत्री के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा का भव्य आगाज, आस्था के जयघोष के बीच धामों की ओर बढ़े श्रद्धालु

खबर शेयर करें -

यमुनोत्री, गंगोत्री के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा का भव्य आगाज, आस्था के जयघोष के बीच धामों की ओर बढ़े श्रद्धालु

 

उत्तराखंड में विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा का आज विधिवत शुभारंभ हो गया। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और देवभूमि ‘जय बाबा केदार’, ‘जय बदरीविशाल’, ‘जय मां गंगे’ और ‘जय मां यमुना’ के जयघोष से गूंज उठी।

इससे एक दिन पहले शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कैंप परिसर से यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर धामों के लिए रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त यात्रा रोटेशन समिति द्वारा किया गया, जिसमें प्रशासन और यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। यात्रा के शुभारंभ के साथ ही राज्य में तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है। यह यात्रा श्रद्धा, साधना और शिवत्व को जोड़ने का मार्ग है, जो व्यक्ति को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देती है। उन्होंने कहा कि कठिन पर्वतीय मार्ग, बदलते मौसम और लंबी यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह यह दर्शाता है कि आस्था हर चुनौती से बड़ी होती है।

उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां जन्म लेने वाले लोग अत्यंत सौभाग्यशाली हैं, वहीं जो देश-विदेश से यहां दर्शन के लिए आते हैं, वे भी ईश्वर की विशेष कृपा के पात्र हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मार्गों की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रजिस्ट्रेशन प्रणाली और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

चारधाम यात्रा के आरंभ के साथ ही स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और परिवहन क्षेत्र में भी उत्साह देखा जा रहा है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More in उत्तराखण्ड

Recent Posts

Facebook

Trending Posts