उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में 13 से 16 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में 65 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
उत्तराखंड में 13 से 16 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में 65 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 13 से 16 जुलाई तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है, जिससे पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देहरादून का मौसम राजधानी देहरादून में 13 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
