उत्तराखण्ड
नैनीताल में जल्द बनेगा आधुनिक मीडिया सेंटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पॉलिसी भी होगी लागू संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने किया जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण, पत्रकारों से की वार्ता
नैनीताल में जल्द बनेगा आधुनिक मीडिया सेंटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पॉलिसी भी होगी लागू
संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने किया जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण, पत्रकारों से की वार्ता
नैनीताल। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने सोमवार को जिला सूचना कार्यालय नैनीताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार कार्यों और विभागीय गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद संयुक्त निदेशक ने जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप जिला सूचना कार्यालयों में आधुनिक मीडिया सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। नैनीताल जिला मुख्यालय में भी मीडिया सेंटर की स्थापना के लिए जल्द कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को निर्देश दिए कि स्थानीय पत्रकारों की आवश्यकता को देखते हुए मीडिया सेंटर निर्माण के लिए भूमि चयन कर प्रस्ताव शीघ्र भेजा जाए। मीडिया सेंटर बनने से स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों को समाचार प्रेषण, कवरेज और तकनीकी सुविधाओं में बेहतर सहयोग मिलेगा।
पत्रकारों ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए प्रदेश से बाहर चिकित्सा सुविधा हेतु अधिक अस्पतालों को अनुबंधित करने, पत्रकार मान्यता और प्रेस मान्यता से जुड़े मामलों को संयुक्त निदेशक के सामने रखा। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और चिकित्सा सुविधा विस्तार की प्रक्रिया गतिमान है।
संयुक्त निदेशक ने यह भी बताया कि प्रदेश में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पॉलिसी जल्द लागू की जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने सूचना विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
इस दौरान जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी सहित विभागीय कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
