उत्तराखण्ड
कांग्रेस में आखिर चल क्या रहा है? बड़े नेताओं के सामने शैलजा को क्यों कहना पड़ा – महत्वाकांक्षा रखिए, अति महत्वाकांक्षा नहीं; अनुशासन तोड़ा तो बर्दाश्त नहीं होगा
कांग्रेस में सब ठीक है या भीतर कुछ पक रहा है? शैलजा ने बड़े नेताओं के सामने कहा- अनुशासन में रहिए, लाइन मत लांघिए।
लोहाघाट की खींचतान का असर बागेश्वर में! शैलजा ने कांग्रेसियों को पढ़ाया अनुशासन का पाठ, लगवाया ‘अनुशासित रहेंगे’ का नारा।
लोहाघाट में विधायक पद के दो दावेदारों के बीच हुई खींचतान के अगले ही दिन बागेश्वर में कांग्रेस प्रभारी का सख्त संदेश, हरीश रावत, यशपाल आर्य, करन माहरा और हरक सिंह रावत की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं को समझाया पार्टी अनुशासन का मतलब
बागेश्वर। उत्तराखंड में सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही कांग्रेस के सामने चुनावी चुनौती के साथ संगठन के भीतर आपसी तालमेल बनाए रखने की चुनौती भी दिखाई देने लगी है। पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने शुक्रवार को बागेश्वर में आयोजित कांग्रेस की सभा में जिस अंदाज में अनुशासन को सर्वोपरि बताया, उसने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान और महत्वाकांक्षाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शैलजा का संदेश केवल कार्यकर्ताओं के लिए सामान्य नसीहत नहीं था, बल्कि मंच पर मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर निचले स्तर तक के संगठन के लिए एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शैलजा ने साफ कहा कि कांग्रेस में हर किसी को अपनी इच्छा और महत्वाकांक्षा रखने का अधिकार है, लेकिन अति महत्वाकांक्षा पार्टी के हित में नहीं है।
‘इच्छाएं रखिए, महत्वाकांक्षा भी रखिए, लेकिन अति महत्वाकांक्षा बिल्कुल नहीं’
कुमारी शैलजा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की सरकार जरूर आएगी, लेकिन इसके लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा, ”मैं एक अनुरोध करना चाहूंगी कि आज की सभा में जो अनुशासन आप लोगों ने दिखाया है, वही आगे भी बनाए रखिए। हम सब एक परिवार हैं। परिवार में एक-दूसरे की इच्छाओं को समझना चाहिए, लेकिन कोई लाइन से हटे, यह बर्दाश्त नहीं होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के भीतर किसी को भी ऐसा काम नहीं करना चाहिए, जिससे लोगों को कांग्रेस पर उंगली उठाने का मौका मिले। सरकार नहीं आने की स्थिति में किसी की व्यक्तिगत गलती या आपसी खींचतान को वजह नहीं बनने देना है। यह संदेश उन्होंने बड़े नेताओं से लेकर छोटे कार्यकर्ताओं तक सभी के लिए दिया।
शैलजा ने महत्वाकांक्षा को लेकर भी अपनी बात बेहद स्पष्ट शब्दों में रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी में इच्छाएं होनी चाहिए, महत्वाकांक्षा भी होनी चाहिए, लेकिन अति महत्वाकांक्षा बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। अब सभी को मिलकर कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य पर ध्यान देना है। सत्ता से बाहर रहते हुए कांग्रेस को दस साल हो चुके हैं और अब वापसी के लिए एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
नारे में भी शामिल कराया ‘अनुशासित रहेंगे’
शैलजा के संबोधन का एक महत्वपूर्ण पहलू भाषण के अंत में देखने को मिला। जब उन्होंने कार्यकर्ताओं से नारे लगवाए तो उसमें ‘अनुशासित रहेंगे’ का नारा भी शामिल कराया। यह महज एक सामान्य नारा नहीं था, बल्कि पूरे संबोधन का सार था। जिस मंच पर प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े चेहरे मौजूद थे, वहां कार्यकर्ताओं से अनुशासन का संकल्प दोहरवाना अपने आप में राजनीतिक संदेश देने वाला घटनाक्रम रहा।
लोहाघाट की घटना के बाद बदला संबोधन का अंदाज?
शैलजा की इस नसीहत को एक दिन पहले लोहाघाट में हुए घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है। लोहाघाट में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान विधायक पद के दो दावेदारों के बीच कुमारी शैलजा की मौजूदगी में ही विवाद की स्थिति बन गई थी। सार्वजनिक मंच पर इस तरह की खींचतान ने पार्टी के भीतर दावेदारी और आपसी प्रतिस्पर्धा के सवाल को सामने ला दिया।
ऐसे में अगले ही दिन बागेश्वर की सभा में शैलजा का अनुशासन पर इतना जोर देना महत्वपूर्ण हो जाता है। हालांकि उन्होंने अपने संबोधन में लोहाघाट की घटना का सीधे उल्लेख नहीं किया, लेकिन उनकी बातों में पार्टी के भीतर बढ़ती व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और आपसी प्रतिस्पर्धा को लेकर चिंता साफ दिखाई दी।
बड़े नेताओं की मौजूदगी में संदेश के मायने
इस पूरे घटनाक्रम का महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि शैलजा ने यह बात किसी छोटे संगठनात्मक कार्यक्रम में नहीं, बल्कि हरीश रावत, यशपाल आर्य, करन माहरा और हरक सिंह रावत जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कही। ऐसे में उनका संदेश केवल आम कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं माना जा सकता।
उत्तराखंड में कांग्रेस के सामने 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी का लक्ष्य है। लेकिन चुनाव से पहले टिकट की दावेदारी, नेतृत्व की भूमिका और संगठन में वर्चस्व को लेकर अलग-अलग नेताओं की महत्वाकांक्षाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे माहौल में शैलजा का यह कहना कि महत्वाकांक्षा हो, लेकिन अति महत्वाकांक्षा नहीं, पार्टी के भीतर सामूहिक नेतृत्व और अनुशासन की जरूरत को रेखांकित करता है।
सवाल यह है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व चुनाव से पहले ही पार्टी के भीतर संभावित गुटबाजी और टिकट की लड़ाई को लेकर सतर्क हो गया है? क्या लोहाघाट की घटना ने प्रदेश प्रभारी को यह संदेश सार्वजनिक रूप से देने के लिए मजबूर किया कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा संगठन से बड़ी नहीं हो सकती?
फिलहाल बागेश्वर की सभा से शैलजा ने अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी है। कांग्रेस को सत्ता में वापसी करनी है तो नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर उठकर संगठन के लिए काम करना होगा। अब देखना यह होगा कि मंच से दिया गया ‘अनुशासित रहेंगे’ का संदेश चुनावी तैयारियों के दौरान कांग्रेस के व्यवहार में कितना दिखाई देता है।
