उत्तराखण्ड
राज्य के खनन बाहुल्य जनपदों में होगी माइक्रो-अर्थक्वेक मॉनिटरिंग
राज्य के खनन बाहुल्य जनपदों में होगी माइक्रो-अर्थक्वेक मॉनिटरिंग
देहरादून / हल्द्वानी। राज्य के अन्तर्गत खदान बाहुल्य जनपदों बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं चमोली में खनन कार्य की निगरानी के लिए अर्थक्वेक मॉनिटरिंग अध्ययन कार्य हेतु भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तराखण्ड देहरादून एवं वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी के मध्य एक एमओयू हस्ताक्षरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के निर्देश पर श्री बृजेश कुमार सन्त, सचिव उत्तराखण्ड शासन द्वारा राज्य क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न जियो-टेक्टोनिक जोन्स के पारिस्थितिकी एवं पर्यावरणीय स्थायित्व पर खनन सक्रियाओं से पड़ने वाले प्रादुर्भावों का भूकम्पीय स्थायित्व के अध्ययन हेतु केंद्र सरकार, राज्य सरकार के विभागों एवं आईआईटी रूड़की के विषय विशेषज्ञों की एक विशेषज्ञ समिति गठित की गयी थी।
विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर ही मा० मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार राज्य सरकार द्वारा माइक्रो-अर्थक्वेक मॉनिटरिंग का कार्य कराये जाने का निर्णय लिया गया। इस योजना के अन्तर्गत जनपद बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं चमोली के खदान बाहुल्य क्षेत्रों की निगरानी के लिए कुल आठ मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किये जायेंगे।
उक्त अध्ययन कार्य वाडिया हिमालयन भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा किया जायेगा। इस योजना में कुल 2.41 करोड़ का व्यय भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय द्वारा वहन किया जायेगा। उक्त अध्ययन कार्य प्रथम चरण में 05 वर्षों की अवधि हेतु निर्धारित किया गया है।
भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय की ओर से जी०डी० प्रसाद संयुक्त निदेशक तथा वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान की ओर से रजिस्ट्रार, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये।
राजपाल लेघा, निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तराखण्ड द्वारा अवगत कराया गया कि मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश में खनन सक्रियाओं की निगरानी में आधुनिकतम तकनीक का उपयोग करने हेतु दिये गये निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश की खनन सक्रियाओं की आधुनिक तकनीक से मॉनिटरिंग किये जाने की दिशा में राज्य सरकार का यह नूतन प्रयास है। खनन सक्रियाओं की मॉनिटरिंग के लिए अर्थक्वेक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करने वाला उत्तराखण्ड संभवतः पहला प्रदेश होगा।
इस अवसर पर निदेशक वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान, राजपाल लेघा, निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय उत्तराखण्ड, जी० डी० प्रसाद, संयुक्त निदेशक गढ़वाल, दिनेश कुमार संयुक्त निदेशक, रजिस्ट्रार, डॉ० नरेश कुमार वरिष्ठ वैज्ञानिक, डॉ० परम, वरिष्ठ वैज्ञानिक, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान आदि उपस्थित थे।
