Connect with us

अपराध

कंगना के पुराने वीडियो से मचा बवाल! करवाचौथ और पीएम के व्रत का दावा, अब थाने में FIR

 

 

देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक दावों के साथ प्रसारित किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। वीडियो के साथ कथित तौर पर गलत कैप्शन और आपत्तिजनक टिप्पणियां जोड़कर वायरल करने के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा की शिकायत पर राजपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने 16 नवंबर को पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो पुराना है। इसमें कंगना रनौत राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करती नजर आ रही हैं। आरोप है कि कुछ लोगों ने इस वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक कैप्शन और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया।

 

शिकायत के अनुसार, वीडियो को इस दावे के साथ प्रचारित किया गया कि कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ने इस दावे को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया पुराना वीडियो बताया है।

 

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वीडियो के साथ गलत तथ्य जोड़कर सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। साथ ही महिलाओं के सम्मान और धार्मिक परंपराओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की बात कही गई है।

 

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 275/26 दर्ज करते हुए आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी है।

 

पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो प्रसारित करने वालों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts