Connect with us

अपराध

भाई दूज मनाकर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, 400 फीट गहरी खाई में गिरी मैक्स; मां-बेटी समेत तीन की मौत

 

 

घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर हरड़ा गांव के पास दर्दनाक हादसा, रातभर खाई में पड़े रहे शव; सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस**

 

अल्मोड़ा। भाई दूज का त्योहार मनाकर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां रास्ते में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के साथ मातम में बदल गईं। घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर हरड़ा गांव के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन सवार तीनों लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

 

जानकारी के अनुसार, हरड़ा निवासी बसंती गैड़ा (48) पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा बुधवार सुबह अपनी 15 वर्षीय बेटी अंजली और गांव की अन्य महिलाओं के साथ भाई दूज मनाने पिथौरागढ़ के पाली गांव गई थीं। दिनभर भाई के साथ त्योहार मनाने के बाद सभी देर शाम मैक्स वाहन से वापस लौट रहे थे। हरड़ा गांव से करीब एक किलोमीटर पहले वाहन में सवार अन्य महिलाएं उतरकर अपने घर चली गईं। इसके बाद वाहन में बसंती गैड़ा, उनकी बेटी अंजली और चालक हयात सिंह उर्फ सूरज गैड़ा (28) निवासी न्योली ही सवार रह गए।

 

बताया जा रहा है कि बंदीखोल मंदिर के पास अचानक मैक्स वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार तीनों लोग छिटककर आसपास जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

 

रात का समय होने और घटनास्थल सुनसान क्षेत्र में होने के कारण हादसे की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। पूरी रात तीनों के शव खाई में पड़े रहे। गुरुवार सुबह दुर्घटना का पता चलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राजस्व पुलिस, रेगुलर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।

 

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। भाई दूज का त्योहार मनाकर घर लौट रहे परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

हरड़ा के राजस्व पुलिस निरीक्षक गिरीश चंद्र जोशी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Advertisement
Continue Reading

More in अपराध

Recent Posts

Facebook

Trending Posts