अंतर्राष्ट्रीय
कैंचीधाम जाने से पहले अब कराना होगा रजिस्ट्रेशन, श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने की तैयारी
कैंचीधाम जाने से पहले अब कराना होगा रजिस्ट्रेशन, श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने की तैयारी
नैनीताल, 06 अक्टूबर। कैंचीधाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और वीकेंड पर चरमराती यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन अब बड़ा कदम उठाने जा रहा है। कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। मंडलायुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने जिला प्रशासन को आगामी दिनों में रजिस्ट्रेशन व्यवस्था शुरू करने के लिए पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य कैंचीधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का पूर्व आकलन कर उसी के अनुरूप यातायात, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है।
मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार नैनीताल में कैंचीधाम में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मंडलायुक्त दीपक रावत ने वीकेंड पर बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जाएं।
मंडलायुक्त ने जिला प्रशासन को कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था के लिए आगामी दिनों में पूरी तैयारी करने को कहा। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कराकर ही कैंचीधाम आएं, ताकि यहां पहुंचने के बाद उन्हें ठहरने के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने वीकेंड पर सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को वीकेंड के दौरान टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम में परिवहन विभाग के बूथ स्थापित करने को कहा गया।
कैंचीधाम क्षेत्र में ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानदारों को खाद्य एवं पेय पदार्थों की रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। मंडलायुक्त ने शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए।
मंदिर समिति को वीकेंड पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डामरीकरण एवं पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।
बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसई एनएच मनोहर सिंह, एसई लोनिवि राजेश पंत, आरटीओ (ई) अरविंद पांडे, एडीएम विवेक राय, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सहित मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन एवं केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।