अपराध
हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: गौला नदी में बहे 17 वर्षीय आदित्य का शव बरामद*
हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: गौला नदी में बहे 17 वर्षीय आदित्य का शव बरामद*
*हल्द्वानी।* भुजियाघाट के पास गधेरे में बहे 17 वर्षीय किशोर आदित्य टम्टा का शव रविवार सुबह बरामद हो गया। शव राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे मिला है।
जानकारी के अनुसार रामपुर रोड स्थित टीपी नगर निवासी अशोक टम्टा का 17 वर्षीय बेटा आदित्य टम्टा शनिवार को अपना 17वां जन्मदिन मनाने के लिए अपने 6-7 दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ भुजियाघाट गया था।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सभी गधेरे में नहा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ में हुई बारिश से अचानक गधेरे का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। किनारे खड़े दोस्तों ने आदित्य को बाहर आने के लिए आवाज लगाई, लेकिन बाहर निकलने की कोशिश में उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना पर काठगोदाम कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। SDRF के साथ मिलकर काठगोदाम बैराज तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने तक उसका कोई सुराग नहीं लगा।
सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया था कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है और रविवार सुबह दोबारा सर्च शुरू किया जाएगा।
रविवार सुबह तलाशी के दौरान आदित्य का शव राजपुरा में गौला नदी के किनारे मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

