अपराध
चारा काटते वक्त महिला को सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत बागेश्वर के सिमार गांव में हादसा, परिवार में मचा कोहराम; वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई
चारा काटते वक्त महिला को सांप ने डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
बागेश्वर के सिमार गांव में हादसा, परिवार में मचा कोहराम; वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई
बागेश्वर। गरुड़ तहसील क्षेत्र के सिमार गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार तुलसी देवी (45) पत्नी राजेंद्र राम अपने घर के समीप मवेशियों के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान घास के बीच छिपे सांप ने उनके पैर में डस लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।
महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत और बिगड़ गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम ने मामले की जानकारी जुटाई। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक घटना को गंभीरता से लिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बरसात में बढ़ जाता है सांपों का खतरा
वन विभाग ने ग्रामीणों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश के दौरान बिलों और झाड़ियों में पानी भरने से सांप व अन्य जहरीले जीव सुरक्षित स्थान की तलाश में बाहर निकल आते हैं। ऐसे में खेत, झाड़ियों या घास काटने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।
विशेषज्ञों के अनुसार चारा काटते अथवा खेतों में काम करते समय जूते और दस्ताने पहनें, झाड़ियों या पत्थरों के बीच हाथ डालने से बचें और सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचें।

